विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर राधा गोविंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं राधा गोविंद हॉस्पिटल ब्लड सेंटर द्वारा एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अर्जुन अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर आज के प्रथम रक्तदाता बनने का गौरव प्राप्त किया तथा सभी को स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया। इस प्रेरणादायक पहल ने उपस्थित सभी लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक एवं उत्साहित किया।
इस अवसर पर ब्लड सेंटर की टीम द्वारा रक्तदाताओं को सुरक्षित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व, रक्त की आवश्यकता तथा नियमित रक्तदान से समाज को होने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
राधा गोविंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रधानाचार्य डॉ. भानु अवस्थी एवं ब्लड सेंटर इंचार्ज डॉ. नवीन कुमार ने सभी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित शर्मा , दीपक राठी , बिजेन्द्र, शिवम एवं अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। संस्थान परिवार ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज से अधिकाधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
“रक्तदान – महादान, आपका एक यूनिट रक्त किसी का जीवन बचा सकता है।”









